bible
ra
🌐 Language
English
Español
Français
Deutsch
Português
Italiano
Nederlands
Русский
中文
日本語
한국어
العربية
Türkçe
Tiếng Việt
ไทย
Indonesia
All Languages
Home
/
Hindi
/
Hindi Bible CLBSI 2015 (पवित्र बाइबिल CL Bible (BSI))
/
Judges 19
Judges 19
Hindi Bible CLBSI 2015 (पवित्र बाइबिल CL Bible (BSI))
← Chapter 18
Jump to:
Chapter 1
Chapter 2
Chapter 3
Chapter 4
Chapter 5
Chapter 6
Chapter 7
Chapter 8
Chapter 9
Chapter 10
Chapter 11
Chapter 12
Chapter 13
Chapter 14
Chapter 15
Chapter 16
Chapter 17
Chapter 18
Chapter 19
Chapter 20
Chapter 21
Chapter 20 →
1
यह उन दिनों की बात है जब इस्राएली समाज में राजा की प्रथा न थी। लेवी कुल का एक मनुष्य था। वह एफ्रइम पहाड़ी प्रदेश से सुदूर क्षेत्र में प्रवास करता था। उसने यहूदा प्रदेश के बेतलेहम नगर की एक स्त्री को रखेल के रूप में रख लिया था।
2
एक दिन उसकी रखेल उससे नाराज हो गई। अत: वह उसको छोड़कर यहूदा प्रदेश के बेतलेहम नगर में अपने पिता के घर चली गई। वहाँ वह चार महीने तक रही।
3
तब उसके पति ने उसे मनाने का निश्चय किया। वह उसे वापस लाने के लिए उसके घर गया। उसके साथ एक सेवक और दो गधे थे। वह अपनी रखेल के पिता के घर पहुँचा। जब उसके पिता ने उसे देखा तब वह उससे भेंट करने को आनन्दपूर्वक आया।
4
लड़की के पिता ने, उसके ससुर ने उसका आदर-सत्कार किया। वह तीन दिन तक अपने ससुर के साथ रहा। अत: उन्होंने खाया-पिया और वह वहाँ टिक गया।
5
चौथे दिन वे सबेरे उठे। वह जाने के लिए तैयार हुआ। लड़की के पिता ने अपने दामाद से कहा, ‘रोटी का एक टुकड़ा खाकर अपने हृदय को तरोताजा करो। उसके बाद चले जाना।’
6
अत: दोनों पुरुष बैठ गए। उन्होंने एक साथ खाया-पिया। लड़की के पिता ने लेवीय युवक से निवेदन किया, ‘आज की रात यहीं व्यतीत करो और आनन्द मनाओ।’
7
जब लेवीय पुरुष जाने को तैयार हुआ तब उसके ससुर ने अनुनय-विनय की। इस कारण वह ठहर गया और उसने वहाँ रात व्यतीत की।
8
लेवीय पुरुष पाँचवें दिन जाने के लिए सबेरे उठा। लड़की के पिता ने उससे कहा, ‘पहले अपने हृदय को तरोताजा कर लो; दिन ढलने तक ठहर जाओ।’ अत: दोनों ने भोजन किया।
9
जब लेवीय पुरुष अपनी रखेल और सेवक के साथ जाने को तैयार हुआ तब लड़की के पिता, उसके ससुर ने, उससे कहा, ‘देखो, सूर्यास्त हो रहा है। दिन ढल रहा है। अब रात यहीं व्यतीत करो। देखो, दिन ढलने पर है। रात यहीं व्यतीत करो और आनन्द मनाओ। यात्रा पर जाने के लिए कल सबेरे उठना, और अपने घर चले जाना।’
10
परन्तु लेवीय पुरुष वहाँ रात व्यतीत करने को सहमत न हुआ। उसने तैयारी की और चला गया। वह यबूस नगर (अर्थात् यरूशलेम) के सामने पहुँचा। उसके साथ जीन कसे हुए दो गधे, उसकी रखेल और उसका सेवक था।
11
जब वे यबूस नगर के पास पहुँचे तब दिन बहुत ढल चुका था। उसके सेवक ने उससे कहा, ‘स्वामी, आइए। हम मार्ग को छोड़कर इस यबूस नगर में प्रवेश करें, और इसी नगर में रात व्यतीत करें।’
12
पर उसके स्वामी ने उससे कहा, ‘हम विदेशियों के नगर में, ऐसे नगर में, जहाँ इस्राएली नहीं रहते, प्रवेश नहीं करेंगे। आओ, हम गिबआह नगर की ओर बढ़ते जाएँ।’
13
उसने अपने सेवक से आगे कहा, ‘चलो, हम गिबआह अथवा रामाह में से किसी एक में, पहुँचने का प्रयत्न करें, और उसमें ही रात व्यतीत करें।’
14
अत: वे आगे बढ़ गए। वे अपने मार्ग पर चलते गए। जब वे बिन्यामिन क्षेत्र के गिबआह नगर के निकट पहुँचे तब सूर्यास्त हो गया था।
15
वे नगर में प्रवेश करने और वहाँ रात व्यतीत करने के लिए उस ओर मुड़ गए। लेवीय पुरुष ने नगर में प्रवेश किया। किन्तु नगर का कोई भी व्यक्ति उन्हें रात व्यतीत करने के लिए अपने घर नहीं ले गया। इस लिए लेवीय पुरुष नगर-चौक में बैठ गया।
16
एक बूढ़ा मनुष्य सन्ध्या समय अपने खेत के काम को समाप्त कर घर लौट रहा था। वह एफ्रइम पहाड़ी प्रदेश का रहने वाला था। पर वह गिबआह नगर में प्रवास कर रहा था। उस स्थान के रहनेवाले लोग बिन्यामिन कुल के थे।
17
बूढ़े मनुष्य ने अपनी आँखें ऊपर उठाईं। उसने नगर-चौक में एक यात्री को देखा। बूढ़े मनुष्य ने उससे पूछा, ‘तुम कहाँ से आए हो और कहाँ जा रहे हो?’
18
यात्री ने उसको उत्तर दिया, ‘हम यहूदा प्रदेश के बेतलेहम नगर से एफ्रइम पहाड़ी प्रदेश के सुदूर क्षेत्र को जा रहे हैं। मैं, आपका सेवक, वहीं का रहनेवाला हूँ। मैं यहूदा प्रदेश के बेतलेहम नगर गया था। अब मैं अपने घर जा रहा हूँ। हमारे गधों के लिए हमारे पास पुआल तथा चारा है। मेरे लिए और आपकी इस सेविका, मेरी स्त्री के लिए तथा हमारे साथ यात्रा करने वाले इस सेवक के लिए पर्याप्त भोजन और अंगूर का रस है। इस प्रकार हमारे पास किसी वस्तु का अभाव नहीं है। तो भी नगर का कोई भी व्यक्ति मुझे रात व्यतीत करने के लिए अपने घर नहीं ले गया।’
20
बूढ़े ने कहा, ‘तुम्हारा स्वागत है! तुम्हारे सब अभावों को दूर करने का दायित्व मुझ पर है। तुम चौक में रात व्यतीत मत करो।’
21
यों बूढ़ा उसे अपने घर ले आया। उसने पुआल और चारा सान कर गधों को दिया। यात्रियों ने अपने पैर धोए, और खाया-पिया।
22
जब वे आनन्द मना रहे थे तब नगर के गुण्डों-बदमाशों ने घर को घेर लिया। वे दरवाजे को जोर-जोर से खटखटाने लगे। उन्होंने घर के स्वामी, बूढ़े मनुष्य से कहा, ‘उस पुरुष को घर से बाहर निकालो, जो तुम्हारे घर में आया है। हम उससे सम्भोग करेंगे।’
23
घर का स्वामी उनके पास बाहर आया। उसने उनसे कहा, ‘नहीं, नहीं, मेरे भाइयो। मेरे घर में आए हुए इस पुरुष के साथ दुराचार मत करो। यह मूर्खतापूर्ण कार्य मत करो।
24
देखो, मेरी एक कुंआरी कन्या है, और इस पुरुष की एक रखेल हैं। मुझे उन्हें बाहर निकालने दो। तुम उन्हें भ्रष्ट करो। जो कार्य तुम्हारी दृष्टि में उचित लगे, वह उनके साथ करो। पर कृपाकर, इस पुरुष के साथ यह मूर्खतापूर्ण कार्य मत करो।’
25
किन्तु वे उसकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए। लेवीय पुरुष ने अपनी रखेल को पकड़ा और उसे उनके पास बाहर लाया। उन्होंने रखेल के साथ बलात्कार किया। वे रात भर, सबेरा होने तक उसके साथ दुर्व्यवहार करते रहे। उन्होंने पौ फटने पर उसे भेज दिया।
26
लेवीय पुरुष की रखेल सबेरा होने के पहले आई, और बूढ़े मनुष्य के घर के द्वार पर जहाँ उसका स्वामी ठहरा हुआ था, गिर पड़ी। वह सूर्य का प्रकाश फैलने तक वहाँ पड़ी रही।
27
उसका स्वामी सबेरे उठा। उसने घर का द्वार खोला। वह अपनी यात्रा पर जाने के लिए घर से बाहर निकला। तब उसने अपनी रखेल को देखा जो घर के द्वार पर पड़ी थी। उसके हाथ देहरी पर थे।
28
लेवीय पुरुष ने उसे पुकारा, ‘उठो। अब हमें चलना चाहिए।’ पर उसे उत्तर नहीं मिला। तब उसने उसको अपने गधे पर रखा और अपने घर की ओर चला गया।
29
वह अपने घर आया। उसने एक छुरा लिया। उसने अपनी रखेल के शव को उठाया और उसके अंग-अंग काट दिए। उसने उसके बारह टुकड़े किए और उनको समस्त इस्राएली कुलों के क्षेत्रों में भेज दिया।
30
उसने दूतों को यह आदेश दिया: ‘तुम सब इस्राएलियों से यों कहना, “जिस दिन इस्राएली मिस्र देश से बाहर निकले थे उस दिन से आज तक क्या किसी व्यक्ति ने ऐसी घटना देखी है? अत: इस घटना पर सोचिए, विचार-विमर्श कीजिए, और फिर बोलिए।” ’ तब देखनेवालों ने यह कहा, ‘इस्राएलियों के मिस्र देश से बाहर निकलने के बाद आज तक ऐसी घटना कभी नहीं घटी, और न देखी गई। ’
← Chapter 18
Jump to:
Chapter 1
Chapter 2
Chapter 3
Chapter 4
Chapter 5
Chapter 6
Chapter 7
Chapter 8
Chapter 9
Chapter 10
Chapter 11
Chapter 12
Chapter 13
Chapter 14
Chapter 15
Chapter 16
Chapter 17
Chapter 18
Chapter 19
Chapter 20
Chapter 21
Chapter 20 →
All chapters:
1
2
3
4
5
6
7
8
9
10
11
12
13
14
15
16
17
18
19
20
21